पुलिस गिरफ्त में धराया दिल्ली का हथियार तस्कर
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में हो रही हथियारों की अवैध तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आचार संहिता के बीच पुलिस की लगातार सख्ती के बावजूद भी यहां हथियार तस्कर आए-दिन हथियारों की तस्करी करते पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। जिले की खकनार थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली से आकर अवैध हथियारों के गढ़ कहे जाने वाले पचौरी क्षेत्र से हथियार खरीद कर उन्हें वापस दिल्ली ले जा रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा है। इस तस्कर से 10 अवैध देसी पिस्टल भी जब्त किए हैं।
बुरहानपुर पुलिस लोकसभा चुनाव के चलते अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी बीच पुलिस को खबर मिली थी कि खकनार के पुराने पेट्रोल पंप के पास तीन व्यक्ति खड़े हुए हैं, जिसमें से दो सिकलीगर हैं एवं तीसरे व्यक्ति के पास एक बैग है। सूचना पर थाना प्रभारी विनय आर्य ने तत्काल प्रधान आरक्षक शादाब खान के साथ एक पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया। जहां पुलिस टीम बताए गए व्यक्तियों की तरफ आगे बढ़ी तो दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से भाग खड़े हुए। बैग लिए खड़ा व्यक्ति भी भागने लगा। हालांकि, उसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया।
10 देसी पिस्टल सहित मोबाइल हुआ जब्त
पुलिस टीम की पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अब्दुल कलाम बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 10 पिस्टल भी पुलिस को मिली। साथ ही उसकी जेब की तलाशी लेने पर एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिस पर आर्म्स एक्ट में दण्डनीय अपराध पाए जाने के चलते आरोपी को 10 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल कीमत करीब 1,50,000 रुपये एवं एक मोबाइल कीमत करीब 10,000 रु, कुल 1,60,000 रु के समान की जब्ती के साथ ही मौके से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पिता पर भी दर्ज हैं कई केस
बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन लोग हथियारों की तस्करी कर रहे हैं। दो सिकलीगर हैं, और उनके साथ एक अन्य व्यक्ति है। हमारी पुलिस टीम वहां पहुंची तो दो लोग भाग गए, और एक व्यक्ति पकड़ा गया है। उसके झोले से 10 पिस्टल बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध मेरठ में भी केस दर्ज हैं। आरोपी के पिता पर भी अवैध हथियार मामले में कई केस दर्ज होना मालूम चला है।