देश में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के चौथे चरण को लेकर निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया की शुरुआत गुरुवार से शुरू हो गई है, तो वहीं इसको लेकर प्रशासनिक अमला भी अब अपनी तैयारियों को लेकर कमर कसता नजर आ रहा है। इसी के चलते मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की दोनों विधानसभाओं के लिए बनाए गए आठ स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) में लगे प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक जिला पुलिस अधीक्षक के द्वारा ली गई। इसके बाद जिले में तैनात सभी 08 स्थैतिक निगरानी दल सक्रिय हो गए हैं। तो वहीं इस बैठक में एसएसटी में तैनात अधिकारियों को उनकी ड्यूटी सहित कार्यस्थल पर की जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश भी दिए गए।
बुरहानपुर जिले की नेपानगर और बुरहानपुर विधानसभाओं के लिए बनाई गई कुल 8 एसएसटी की टीमें चैकिंग की कार्यवाही के लिए सक्रिय हो गई हैं । बता दें कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन 2024 के सुचारू संचालन एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों सहित राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने वाले निर्वाचन व्यय से संबंधित निगरानी हेतु स्थैतिक निगरानी दल (SST) का गठन किया गया है।
जिले में आठ जगह तैनात रहेंगी एसएसटी टीमें
जिले में नेपानगर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 179 में कुल पांच एसएसटी की टीमें गठित की गई हैं, जिनमे (1) असीरगढ़ (2) जैनाबाद (3) ग्राम शेखपुरा (4) ग्राम बाकड़ी (5) ग्राम दवाटीया (कमलखेड़ा फाटा) में तैनात की गई हैं। तो वहीं बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 180 में (1) लोनी आरटीओ बैरियर (2)अंतुर्ली एवं नाचनखेड़ा बादखेड़ा फाटा (3) भोटा फाटा इच्छापुर पर SST की टीम तैनात की गई हैं। ये एसएसटी टीमें मुख्य मार्गो, जिले एवं राज्य की सीमा पर जांच चौकी बनाएंगीं तथा अपने क्षेत्र में अवैध शराब, बड़ी मात्रा में नगदी, अस्त्र-शस्त्र, समाज विरोधी तत्वों की आवाजाही पर नजर रखेंगी।
चेकिंग एवं जब्ती की करवाई जाएगी वीडियोग्राफी
बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक के द्वारा एसपी ऑफिस के मीटिंग हॉल में एसएसटी में लगे प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की उनके कार्यों के संबंध में बैठक भी ली गई, जिसमें एसएसटी द्वारा किए जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। एसपी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार एसएसटी टीम द्वारा सभी पॉइंट्स पर प्रभावी चैकिंग की कार्यवाही की जाएगी तो वहीं चैकिंग में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। आने-जाने वाले वाहनों की सघन चैकिंग की जाए, पचास हज़ार या उससे अधिक नकदी मिलने पर जब्ती की कार्यवाही की जाए। जांच के दौरान चैकिंग एवं जब्ती के पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी की जाए, जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा आमजन से विनम्र, शालीन एवं शिष्ट आचरण किया जाए।
10 लाख से अधिक नगदी मिलने पर देना होगा आईटी को सूचना
एसपी द्वारा एमएसटी टीम को दिए निर्देशों के अनुसार उन्हें हर दिन की कार्यवाही का रजिस्टर मेंटेन करना होगा तो वहीं अवैध शराब, मादक पदार्थ, अस्त्र शस्त्र इत्यादि मिलने पर संबंधित थाने में एफआईआर कर कार्रवाई करवाई जाए। चैकिंग के दौरान दस लाख से अधिक नकदी मिलने पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सूचित कर उनके साथ कार्रवाई की जाए, निगरानी दल में लगे स्टाफ द्वारा मुस्तैदी से ड्यूटी करने आदि के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।