जिले की पंधाना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश तस्करों को गिरफ्तार किया है। ग्राम राजौरा से पकड़े गए चार आरोपी बेहद शातिर तरीके से तस्करी कर रहे थे। ये लोग एक पिकअप वाहन में गोवंश भरकर महाराष्ट्र में वध के लिए ले जा रहे थे और दो आरोपी पूरे रास्ते बाइक से आगे चलकर पुलिस की गतिविधियों की रैकी कर रहे थे। पुलिस ने दोनों बाइक सवारों के साथ पिकअप चालक और उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 19 गोवंश बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंश भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बोरगांव चौकी पुलिस ने राजौरा गांव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन चालक सोनू मासरे और उसके साथी रंजीत उर्फ गोलू निवासी झीलवाड़ी को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें वाहन में क्रूरतापूर्वक भरे 4 गोवंश पाए गए। इनके पास इसके कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम विवाद: रुबीना खान ने चार दिन बाद खेद जताया, कहा- गुस्से में निकले बोल, निष्कासन के मूड में कांग्रेस
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों कादिर पटेल निवासी राजौरा और महेश चौहान निवासी बोरगांव बुजुर्ग के कहने पर गोवंश को प्रदेश सीमा पार कर महाराष्ट्र ले जा रहे थे। दोनों आरोपी बाइक से आगे चलकर पुलिस की रैकी कर रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने कादिर पटेल और महेश चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया। कादिर पटेल के बाड़े में दबिश देने पर 15 गोवंश और मिले, जिन्हें क्रूरतापूर्वक बांधकर छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने सभी गोवंश को जब्त कर गौशाला भिजवा दिया है।