मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे का शिकार एक परिवार हुआ है। बाइक सवार पति और पांच महीने के बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और तीन साल का बेटा गंभीर घायल हो गए। पति पत्नी को परीक्षा दिलाने ले गया था। लौटते समय हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार रात जिले के पिपलौद थाना क्षेत्र में देड़तलाई मार्ग पर हुआ है। पुलिस ने बताया कि सेंधमाल निवासी 34 वर्षीय गजानन पंवार गांव में एक निजी स्कूल में प्रधान पाठक थे। उनकी पत्नी ज्योति पंवार (25) बीए कर रही हैं। शनिवार को पेपर था। गजानन अपने परिवार के साथ पत्नी को खंडवा के एसएन कॉलेज में बीए फाइनल का पेपर दिलाने लाया था। दोनों का बड़ा बेटा दिव्याम तीन साल और पांच माह का छोटा बेटा हिमांशु था।
पुलिस ने बताया कि पेपर दिलाकर सभी लोग एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। तभी देड़तलाई मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें गजानन और हिमांशु की मौत हो गई, वहीं ज्योति और दिव्याम घायल हो गए। जिन्हें खंडवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पत्नी से पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उनके साथ हादसा कैसे हुआ।