कटनी में तीस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार हुआ है।
- फोटो : अमर उजाला
कटनी पुलिस ने ट्रेज़री घोटाले के प्रमुख आरोपी प्रमोद अहिरवार को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया। प्रमोद और उसके साथियों ने सरकारी खातों से 94 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस घोटाले में आरोपियों ने सरकारी विभागों के अधिकारियों का भरोसा जीतकर उनकी ID और पासवर्ड का इस्तेमाल किया। इसके बाद, उन्होंने विभिन्न विभागों के चेक नंबर में बदलाव कर पैसे अपने खाते में ट्रांसफर किए।
घोटाला 2023 में उजागर हुआ था, जब यह सामने आया कि कटनी के कोषालय विभाग के अधिकारियों की ID और पासवर्ड का गलत इस्तेमाल किया गया था। आरोपी प्रमोद और उसके साथी धीरज सिंह, रवि सिंह और गुलाब नबी मंसूरी ने कुल 93,94,429 रुपये को चुराया था, और छह विभागों के चेक नंबर में बदलाव कर अपने खाते में पैसे डाल दिए। कटनी पुलिस ने इस मामले में छह विभागों के खिलाफ FIR दर्ज की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
प्रमोद अहिरवार पर 30 हजार रुपये का इनाम रखा गया था, और वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन अंत में पुलिस ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया। माधवनगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि अब प्रमोद से पूछताछ की जाएगी, ताकि चोरी गए पैसों की रिकवरी की जा सके।