कटनी जिले के रंगनाथ थाना क्षेत्र की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग लग गई, जिसकी जानकारी लगते ही मौके पर दमकल की तीन गाड़ियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
दरअसल, सागर पुलिया के पास स्थित डिजिटल जोन में अचानक उठ रहे धुएं के गुब्बारे देख लोगों ने दुकान मालिक ताराचंद जैन को मामले से अवगत करवाया। उसके बाद मौके पर पहुंचे संचालक ने तत्काल फायर ब्रिगेड, विद्युत विभाग सहित पुलिस को जानकारी पहुंचाई थी। जहां फायर ब्रिगेड तीन गाड़ियों के साथ फायर ब्रिगेड के 11 कर्मी पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बता दें कि दुकान की तीसरी मंजिल में गोदाम बना हुआ है। जहां कूलर, एसी और टीवी सहित अन्य विद्युत उपकरण रखे हुए थे, जिसे बुझाने के लिए पानी छोड़ना शुरू किया गया। हालांकि, जगह कम होने के चलते धुआं भरा हुआ था, जिससे कड़ी मशक्कत के बीच राहत बचाव कार्य शुरू किया गया।
दुकान संचालक ताराचंद जैन ने बताया कि आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। लेकिन हम लोग तुरंत छत के टीन शेड खोलकर सुरक्षित सामान को बाहर निकलवा रहे हैं। ताकि धुआं आसानी से निकल सके और आग जल्दी बुझे। वहीं, नगर निगम से पहुंचे फायर ब्रिगेड अधिकारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि आग लगने की जानकारी लगते ही पहुंचे हैं। दो हिस्सों में टीम बनाकर काम करना पड़ रहा है। एक टीम छत में शेड खोलकर अंदर काम कर रही है तो दूसरी सीढ़ी के माध्यम से पानी डालते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है।