रक्षाबंधन पर कटनी रूट पर दौड़ेंगी 5 स्पेशल ट्रेनें
- फोटो : अमर उजाला
रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने कटनी और कटनी मुड़वारा रूट से गुजरने वाली 5 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
रक्षाबंधन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिम-मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। रेलवे प्रशासन के अनुसार कटनी स्टेशन और कटनी मुड़वारा होकर गुजरने वाली कुल 5 स्पेशल ट्रेनों का संचालन विभिन्न फेरों में किया जाएगा। इससे रक्षाबंधन के दौरान घर जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे द्वारा भोपाल-रीवा-भोपाल सुपरफास्ट स्पेशल (02155/02156 एवं 02189/02190) को 25 से 31 अगस्त के बीच कई फेरों में चलाया जा रहा है। यह ट्रेन भोपाल से बीना, सागर, दमोह और कटनी मुड़वारा होते हुए रीवा पहुंचेगी, जिससे विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें: कुबेरेश्वर धाम से दिल्ली लौट रहे युवक को ट्रेन में हृदयाघात, मालवा एक्सप्रेस रोक कर बचाई जान
इसके अलावा जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर रक्षाबंधन स्पेशल (01701/01702) का भी संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 29 अगस्त को जबलपुर से रवाना होकर कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, झांसी, ग्वालियर और आगरा होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। वहीं स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए 28 अगस्त से 31 अगस्त तक सतना-कटनी अनारक्षित रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन (09016) भी चलाई जाएगी।
रेलवे ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। कटनी और कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ और जीआरपी जवान तैनात किए गए हैं। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि जेबकतरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी की जानकारी लेकर समय पर टिकट बुक करें ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।