कटनी की महिला को 40लाख डॉलर का लालच देकर पाकिस्तानी नंबर से ऐंठे 1.60लाख।
कटनी जिले में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ठग ने 40 लाख डॉलर यानी करीब 40 करोड़ का लालच देकर 1.60 लाख रुपये ऐंठ लिए। पूरा मामला बरही थाना क्षेत्र के ग्राम उबरा से समाने आया है, जहां ममता बाई कोल को पाकिस्तान के +92 नंबर से कॉल और मैसेज कर चार लाख डॉलर मिलने का लालच दिया गया। टैक्स के नाम पर अलग-अलग किस्तों में QR कोड स्कैन कराकर करीब डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत के बाद कटनी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
खौफनाक: बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला घोंटा, अस्पताल के बिस्तर पर की ये हैवानियत
दरअसल, कटनी के बरही थाना क्षेत्र के उबरा ग्राम में रहने वाली ममता बाई कोल साइबर ठगी का शिकार हुई हैं। महिला के मुताबिक उसके मोबाइल पर +92 से शुरू होने वाले नंबर से कॉल और मैसेज आया। कॉलर ने खुद को बॉर्डर के पार का बताते हुए महिला के नाम चार लाख डॉलर आने की बात कही और रकम पाने के लिए टैक्स जमा करने का झांसा दिया। इसके लिए ठगों ने महिला को भरोसे में लेते हुए उससे धीरे-धीरे करके 1 लाख 60 हजार रुपये मंगवा लिए, फरियादी ने बताया कि यह रकम 10 हजार तो कभी 20 हजार रुपये करके भेजे गए QR कोड में ट्रांसफर किया गया था।
परिजनों के साथ कटनी एसपी ऑफिस पहुंची महिला ने लिखित शिकायत कर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं पूरे मामले पर विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धुर्वे ने बताया कि महिला जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंची थी। उसने +92 नंबर का स्क्रीनशॉट भी दिखाया है जो प्रथम दृष्टया पाकिस्तान का नंबर लग रहा है। एसडीओपी वीरेंद्र धुर्वे के मुताबिक महिला ममता बाई ने बातचीत और चैट से जुड़ी कई जानकारी डिलीट कर दी है। इसलिए फिलहाल पूरे मामले पर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। शिकायत पहली बार प्राप्त हुई है और अभी साइबर अपराध का प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस अब मामले की वैधानिक जांच कराएगी, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।