डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की जांच लगातार तेज होती जा रही है।
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में विदेशी मूल के सोने की तस्करी के मामले में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। कटनी रेलवे स्टेशन से विदेशी सोना बरामद होने के बाद डीआरआई ने सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलर्स प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए विदेशी मार्किंग वाली सोने की बिस्किट समेत करीब 220 ग्राम सोना और अन्य सामग्री जब्त की है। इस दौरान रेलवे स्टेशन से पहले ही 748.10 ग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया जा चुका था। दोनों कार्रवाई को मिलाकर करीब 1 किलो सोना डीआरआई के कब्जे में है। वहीं जांच एजेंसी अब गोल्ड तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने कटनी रेलवे स्टेशन पर सत्यम सराफ और आयुष मिश्रा को रोका था। इस दौरान आयुष मिश्रा के कब्जे से 748.10 ग्राम विदेशी मूल की पुनर्गठित सोने की छड़ बरामद हुई, जिसे सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि यह सोना कटनी के सराफा बाजार स्थित गोयनका ज्वैलर्स तक पहुंचाया जाना था। इसके बाद डीआरआई की टीम ने 31 जुलाई को गोयनका ज्वैलर्स में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दुकान से VALCAMBI SUISSE 100 g GOLD अंकित विदेशी मार्किंग वाली सोने की बिस्किट, अंगूठी के आकार का सोने का तार, बिना मार्किंग वाले कई सोने के कटे हुए टुकड़े और अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सोने का कुल वजन करीब 220 ग्राम बताया गया है। वहीं डीआरआई अधिकारियों ने दुकान संचालक अरुण कुमार गोयनका से विदेशी सोने के आयात संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा-110 के तहत सोना और संबंधित सामग्री जब्त कर ली गई।
ये भी पढ़ें-
Datia UpChunav Result 2026: क्या भाजपा को अपना ही दांव पड़ गया उलटा? कांग्रेस के लिए इस जीत के क्या हैं मायने
पूरे मामले पर रेखा गोयनका ने बताया कि DRI ने हमारी शॉप से 200 ग्राम सोना बरामद किया है। उसकी रसीद भी दिखाई है लेकिन वो उसे न मानकर विदेशी गोल्ड की रसीद या इंपोर्ट के दस्तावेज मांग रहे हैं। रेखा गोयनका ने आरोप लगाया कि उनके ऊपर DRI दबाव बना रहा है कि वो 400 ग्राम सोना मिलने की बात मान लें लेकिन जो हुआ नहीं वो कैसे मान लें। इस दौरान उन्होंने बताया कि मेरे पति अरुण गोयनका की तबीयत खराब है उन्हें बीपी-शुगर समेत हार्ट की समस्या है बावजूद इसके अधिकारी ऐसी हालत में कोर्ट में ले जाने की बात बोल रहे हैं। हालांकि डॉक्टर की एडवाइस के बाद अरुण गोयनका को अधिकारियों की निगरानी में जिला अस्पताल के ICU में एडमिट किया गया है, जहां स्वास्थ्य स्थिर होने पर कोर्ट में पेश किए जाएंगे।
डीआरआई का मानना है कि बरामद सोना विदेशी मूल का है और सीमा शुल्क अधिनियम की धारा-111 के तहत जब्ती योग्य हो सकता है। इस दौरान जब्त सामग्री में विदेशी मार्किंग वाली 100.10 ग्राम की सोने की बिस्किट, कई बिना मार्किंग वाले गोल्ड कटपीस, फ्लैट कटिंग, तीन छोटे सोने के टुकड़े, अंगूठी के आकार का तार तथा स्टील और प्लास्टिक के कंटेनर भी शामिल हैं। वहीं डीआरआई अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विदेशी मूल का सोना कटनी तक किस माध्यम से पहुंचा, इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इसका नेटवर्क सागर समेत किन जिलों तक फैला हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और डीआरआई जल्द इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई कर सकती है।