कटनी में अंडरपास में भरे पानी में बस फंस गई। बच्चों को कंधे पर बैठाकर बाहर निकाला गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
कटनी जिले में हुई एक घंटे की तेज बारिश ने पूरे नगर निगम की पोल खोल कर रख दी है। इससे शहर में जगह-जगह जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक मंगल नगर, गायत्री नगर, मिशन चौक पुल मे करीब चार फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को निकलना मुश्किल हो गया।
इसी बीच एक वीडियो मिशन चौक से सामने आया, जहां बच्चों से भरी स्कूल बस सागर अंडरपास के भीतर फंस गई और उसमें बैठे बच्चे और बुजुर्गों को निकालने में ट्रैफिक पुलिस सहित अन्य स्थानीय नागरिक आगे आए। बता दें कि नगर निगम की लापरवाही के कारण अंडरपास से जल निकासी सही से नहीं हो रही है। पानी भरने के दौरान स्कूल बस चालक ने बस को निकालने की कोशिश की, पर बस बीच में जाकर बंद पड़ गई। बस के अंदर पानी आने से बच्चे घबरा गए। बच्चों के साथ कुछ बुजुर्ग शिक्षक भी थे। वे भी मदद के लिए पुकारने लगे। इस बीच वहां तैनात एएसआई राजकुमार झारिया, विकास गर्ग, प्रवीण सिंह उन्हें निकालने पानी में होकर बस तक पहुंचे और बच्चों को कंधे पर बैठाकर पानी से निकाल। वहीं बुजुर्गों को हाथ पकड़कर रास्ता पार कराया गया।
पुलिस ने बताया कि पानी से भरे पुल से बाहर निकलते ही स्कूल टीचर के गले लगकर रो पड़े। आगे इस तरह की घटना न हो इसलिए तत्काल ट्रैफिक पुलिस दोनों तरफ खड़े होकर लोगों को निकलने से रोक दिया गया।