नकली नमक और तेल की शीशी बरामद की गई है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश की कटनी पुलिस ने नकली टाटा नमक और जैसमीन हेयर ऑइल बनाने वाले ठिकाने पर दबिश देते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से लाखों के नकली नमक, तेल समेत स्टीकर बरामद हुए हैं।
कुठला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुरैनी स्थित जयलाल साहू के मकान पर दबिश दी थी। मौके से एक किलो नमक के 1100 पैकेट सीलबंद मिले। जिन्हें tetva कंपनी की बोरी में रखकर बाजार में बेचने की फिराक में आरोपी जुटे थे। यही नहीं पुलिस ने जब मकान के अलग-अलग कमरों में जांच की तो पैराशूट कंपनी के जैसमीन कोको हेयर ऑइल की 90 एमएल क्षमता की 1000 से अधिक सील पैक शीशी मिलीं, जिनमें बंसल कंपनी का साधारण ऑइल भरकर बेचा जा रहा था। कुठला टीआई अरविंद जैन ने सभी सामान जब्त कर लिया औऱ दोनों आरोपियों को थाने ले गए।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के मुताबिक नकली टाटा नमक और हेयर ऑइल बनाने वाले मामा जयराम साहू और धनीराम साहू पुरैनी निवासी से डेढ़ लाख कीमती मशरूका बरामद हुआ है। जिन पर कॉपीराइट अधिनियम 1957 धारा 420, 467, 468, 471, 34 एवं 103/104 ट्रेडमार्क अधिनियम 63, 64, 65 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के मकान से नकली नमक के 400 रैपर और 23 हजार तेल के स्टीकर समेत चुंगी और पैकिंग मशीन जब्त की है। फिलहाल पुलिस इनके काले कारनामे में और कितने लोग शामिल हैं इसकी जानकारी में पुलिस जुटी हुई है।