भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर चंबल संभाग में भाजपा की स्थिति कमजोर नजर आ रही है। इलाके की 16 सीटों में 10 पर भाजपा आगे है। वहीं पांच सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर बसपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयर्गीय भी मानते है कि पार्टी का ग्वालियर-चंबल संभाग में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन परिणाम नजर आ रहा है।
इधर, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के निर्वाचन क्षेत्र मुरैना की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा फिल्हाल पीछे चल रही है।
अमर उजाला से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, भारत दुनिया का सबसे बड़ा प्रजातांत्रिक देश है। हमारी जो चुनावी प्रणाली है उसकी पूरी दुनिया में प्रशंसा होती है। लेकिन कांग्रेस का हार को स्वीकार नहीं करना और ईवीएम पर लगातार सवाल उठाना ये अच्छी राजनीति नहीं है। ये लोकतंत्र का अपमान है। ये ठीक और परिपक्व राजनीति नहीं है।
ग्वालियर-चंबल संभाग में भाजपा के प्रत्याशियों की हार के सवाल का जवाब देते हुए विजयवर्गीय ने कहा, ग्वालियर-चंबल संभाग में अपेक्षाकृत परिणाम कमजोर दिख रहा है। लेकिन मालवा-निमाड़ क्षेत्र में अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं...
चुनाव परिणाम के बाद प्रदेश का नेतृत्व किसी अन्य के हाथों में सौंपे जाने के सवाल का जवाब देते हुए भाजपा महासचिव ने कहा, ये संभव ही नहीं है। शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही हमारी सरकार चलेगी।
प्रदेश के उपचुनाव में भाजपा के अनुमान के हिसाब से कम सीटें जीतने के सवाल के जवाब में विजयवर्गीय ने कहा, हमारा अंदाजा था कि 20 सीट पर हम आसानी से जीत हासिल कर लेंगे। अभी कुछ सीटों पर मामला आगे-पीछे चल रहा है, लेकिन शाम तक पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।
कैलाश विजयवर्गीय मध्यप्रदेश में कब वापसी करेंगे इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, अभी केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दे रखी है। बंगाल में पहले भाजपा की सरकार बना दें, इसके बाद अगला पड़ाव क्या होगा वह केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा।
इधर, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनुरोध ललित जैन ने अमर उजाला से कहा, कांग्रेस पार्टी ग्वालियर-चंबल संभाग में सिंधिया परिवार से मुक्त हो गई है। हमें इससे बेहतर परिणाम की उम्मीद थी।
जैन आगे कहा, कांग्रेस से आयातित नेताओं को भाजपा में ज्यादा तरजीह मिल रही है। इससे भविष्य में नेतृत्व ही नहीं भाजपा कार्यकर्ता भी हतोत्साहित होने वाले है।