व्यापम घोटाले के कारण राजनीतिक अखाड़े में घिरी शिवराज सिंह सरकार के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की एक टिप्पणी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
इस मामले की कवरेज कर रहे आजतक के पत्रकार अक्षय सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "पत्रकार-वत्रकार छोड़ दो यार पत्रकार हमसे बड़ा है क्या?"
मध्य प्रदेश का व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) प्री-मेडिकल, प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट के साथ-साथ कई सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षा कराता है. आरोप हैं कि इन परीक्षाओं में कई सालों तक कथित तौर पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ.
हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एसआईटी इस घोटाले की जांच कर रही है. इस मामले से जुड़े 30 से ज़्यादा अभियुक्तों और जांच करने वालों की एक के बाद एक मौत हुई है और ये बात एसआईटी भी मानती है.