जबलपुर जिले के तिलवारा और पाटन थाना क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में अज्ञात वाहनों ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी वाहन का सुराग नहीं मिल पाया है।
पाटन थाना पुलिस के अनुसार करोंदी निवासी 25 वर्षीय हल्के गोंड मोटरसाइकिल से जबलपुर से अपने घर लौट रहे थे। देर रात बगदरी मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि हल्के गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
रंगदारी दिखाना पड़ा महंगा, बीएसएनएल कर्मचारियों से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
उपचार के दौरान मौत
वहीं दूसरी घटना तिलवारा थाना क्षेत्र में सामने आई। पुलिस को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सूचना मिली कि लम्हेटा बाईपास के पास किसी अज्ञात वाहन ने 27 वर्षीय मनीष यादव को टक्कर मार दी थी। मनीष यादव सनाई डोंगरी के निवासी थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। दोनों मामलों में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहनों की तलाश कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।