जबलपुर के पाटन थानान्तर्गत ग्राम सिमरिया में किशोरी की रक्तरंजित लाश मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी के सिर में भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई है। मृतका की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह के अनुसार रविवार दोपहर को एमएम इंटरनेशनल स्कूल के पीछे ग्राम सिमरिया स्थित खेत में किशोरी कर रक्तरंजित लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। अज्ञात किशोरी की उम्र 16 से 18 साल के बीच थी और वह आसमानी रंग का सूट पहने हुए थी। उसके चेहरे व सिर से काफी खून बह रहा था। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में फैब्रिकेशन व फर्नीचर की फैक्ट्री-गोदाम में भीषण आग, पास की बस्ती करा रहे खाली
थाना प्रभारी सिंह ने बताया कि किशोरी के सिर व चेहरे में भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई है। किशोरी के सिर, चेहरे में गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या करना पाए जाने पर अज्ञात के विरुद्ध 103(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। किशोरी की शिनाख्ती के प्रयास जारी हैं और संबंधित थाने में उसकी फोटो भिजवा दी गई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और किशोरी की शिनाख्ती पहली प्राथमिकता है। किशोरी की शिनाख्त होने पर आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस जांच में जुटी हुई है और युवती के संबंध में पूछताछ जारी है।
खेत में किशोरी की रक्तरंजित लाश मिलने की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल में एकत्र हो गए थे। इस घटना से ग्रामीण में दहशत का माहौल था।