जबलपुर जिले के कुंडम थानान्तर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन नवयुवकों की मौत हो गई। तीनों दोस्त एक मोटर साइकिल में सवार होकर बर्थ-डे पार्टी से लौट रहे थे। कुंडम थाना प्रभारी प्रताप मरकाम ने बताया कि खमरिया थानान्तर्गत ग्राम पिपरिया निवासी कृष्णा ठाकुर और कटनी निवासी दीपांशु व सुमित मरावी दोस्त थे। तीनों एक बाइक पर सवार होकर एक अन्य दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में नारायणगंज मंडला गए थे।
रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात तीनों मोटर साइकिल से लौट रहे थे। ग्राम तिलसानी के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। गंभीर अवस्था में तीनों को मेडिकल अस्पताल जबलपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गढ़ा पुलिस ने शून्य के तहत केस दर्ज कर लिया है। गढ़ा से केस डायरी आने के बाद विधिवत कार्यवाही की जाएगी।