जबलपुर के केंट क्षेत्रातंर्गत सदर वायएमसीए स्थित क्रिश्चियन कम्पाउंड में एक मकान खाली कराने को लेकर हुई खींचातानी में एक बुजुर्ग किरायेदार की मौत हो गई। परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है। हिन्दूवादी संगठनों ने थाने पर प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। विवाद के पीछे धर्मांतरण न करने की बात कही जा रही है।
जानकारी अनुसार सदर वायएमसीए में क्रिश्चियन कम्पाउंड है, जहां कई हिन्दू परिवार वर्षों से किराये से रहे हैं। वहीं मोहन पासी भी अपने दो बेटों और बहुओं के साथ वर्षों से किराये से रहते आ रहे हैं। उक्त मकान खाली कराने को लेकर उनका रमेश पाल (ईसाई धर्म अपना चुका) से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार को रमेश पाल पुलिस कर्मियों के साथ कोर्ट का आदेश लेकर मकान खाली कराने पहुंचे। उसी दौरान घर की महिलाओं ने दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और मकान खाली कराने की कार्रवाई शुरू की।
बहुओं को घसीटा, ससुर की हो गई मौत
पीड़ित अर्चना पासी का आरोप है कि जब उसने व उनकी देवरानी ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पतियों के आने का इंतजार करने का कहा तो महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें घसीटकर बाहर निकाल दिया। जब उनके ससुर मोहन पासी ने रोकना चाहा तो रमेश पाल ने उन्हें धक्का दे दिया। आरोप है कि ससुर मोहन पासी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनकी जान चली गई।
धर्मांतरण न करने पर खाली करा रहे थे मकान
पीड़ित पासी परिवार का आरोप है कि रमेश पाल काफी समय से उनक पर धर्मांतरण का दवाब बना रहे थे। उनके मना करने पर वे जबरदस्ती मकान खाली कराना चाह रहे थे। शनिवार को भारी पुलिस के साथ आकर उन्होंने मारपीट की। जिससे उनके ससुर की मौत हो गई। वहीं उनके पतियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
हिन्दूवादी संगठनों ने घेरा थाने
बुजुर्ग मोहन पासी की मौत की खबर के बाद हिन्दूवादी संगठन एकत्रित हुए। जिन्होनें केंट थाने पहुंचकर उक्त बर्बरतापूर्ण कार्रवाई पर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने रमेश पाल पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। हिन्दूवादी संगठनों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि रमेश पाल पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान योगेश अग्रवाल, रमेश यादव, नीरज राजपूत, जागेश राव, सचिन कनौजिया, संजय वर्मा, दशरथ पिल्ले, सूरज पासी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
धर्मांतरण का बनाया जा रहा था दवाब
हिन्दू धर्मसेना के प्रदेशाध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित परिवार पर रमेश पाल धर्मांतरण कर ईसाई धर्म अपनाने का दवाब बना रहा था। पीड़ित परिवार ने उसकी बात नहीं मानी तो वह मकान खाली कराने के हथकंडे अपनाने लगा। शनिवार को रमेश व पुलिस कर्मी पहुंचे और वृद्ध के साथ मारपीट की, जिससे मोहन पासी की मौत हो गई। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होकर दोषियों पर कार्रवाई होना चाहिये।
हार्टअटैक से हुई मौत, जांच जारी
वहीं मामले में कैंट थाने के टीआई राजकुमार खटीक ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर कब्जा वारंट का निष्पादन कराने पुलिस पहुंची थी। उसी दौरान हार्ट अटैक से मोहन पासी की मौत हो गई। बहरहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस पर मारपीट के जो आरोप हैं कि वे बेबुनियाद हैं, पूरे मामले की वीडियों की रिकार्डिंग हुई है, जिसे जांच में लिया गया है।