अनूपपुर जिले के कोतवाली थानांतर्गत पति ने डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। चरित्र संदेह की बात पर दोनों में अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने सूचना मिलने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति की सरगर्मी से तलाश प्रारंभ कर दी है।
अनूपपुर थाने के अनुसार ग्राम बडहर निवासी रमेश सिंह श्याम को अपनी पत्नी के नीमकली (40) के चरित्र पर संदेह था। इस बात पर दोनों में अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार की सुबह पति शराब के नशे में पत्नी के विवाद करते हुए उसके चरित्र पर लांछन लगाने लगा। विरोध करने पर उसने पत्नी को डंडे से पीटना प्रारंभ कर दिया। उसने पत्नी को घसीट-घसीट कर डंडे से मारा था।
इसके कारण पत्नी को सिर सहित शरीर के अन्य अंगों में चोट आई थी और उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर लाश को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है।