जबलपुर जिले की वारासिवनी पुलिस ने नकली खाद मामले में जबलपुर, कटनी तथा पीथमपुर से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
एसडीओपी वारासिवनी अभिषेक चौधरी के अनुसार 11 व 12 जुलाई को कृषि विभाग के अधिकारी एवं पुलिस के संयुक्त दल ने दबिश देकर नकली खाद एवं कीटनाशक सहित नामचीन कंपनियों की लगभग 3000 प्रिंटेड बोरियां बरामद की थीं। पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज करने हुए सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ के दौरान प्रदेश स्तरीय रैकेट सामने आया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जबलपुर से मनीष खत्री, धार जिले से रामचंद्र चौहान तथा कटनी जिले से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण की जांच जारी है और प्रदेश के अन्य जिलों में फैले इस नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।