सोशल नेटवर्किंग साइट पर भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
- फोटो : Social Media
जबलपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। सोशल नेटवर्किंग साइट पर भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सोशल नेटवर्किंग साइट पर भड़काऊ गाने की पोस्ट डालने वाले आशीष तिवारी (50) निवासी सदर के विरुद्ध थाना कैंट में तथा आपत्तिजनक भड़काऊ पोस्ट फॉरवर्ड करने वाले मुस्ताक अंसारी (34) निवासी सुब्बाशाह मैदान के पास एवं अनवर (48) निवासी पंचकुइयां के विरुद्ध थाना हनुमानताल में विधि अनुरूप अपराध पंजीबद्ध कर तीनों को अभिरक्षा मे लेते हुए उक्त पोस्टों के सम्बंध में सघन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सिद्धार्थ बहुगुणा ने कहा कि सोशल नेटवर्किंग साइट, जैसे फेसबुक, वाट्सअप, ट्विटर के माध्यम से असामाजिक/विध्नसंतोषी तत्वों द्वारा जातिगत एवं साम्प्रदायिक भावना से संबंधित आपत्तिजनक/भड़काऊ पोस्ट एवं मैसेज भेजे जाते हैं, यह एक संज्ञेय अपराध है। उन्होंने संस्कारधानीवासियों से अपील की है कि जातिगत एवं साम्प्रदायिक भावना से सम्बंधित आपत्तिजनक/भड़काऊ पोस्ट एवं मैसेज तथा वीडियो फुटेज को किसी और से न ही शेयर करें, न ही लाइक करें। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संस्कारधानी के एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुए सोशल मीडिया मे पोस्ट की गई किसी भी पोस्ट की पुष्टि संबंधित थाना प्रभारी/नगर पुलिस अधीक्षक/अति. पुलिस अधीक्षक से करते हुए यदि आपको लगता है कि की गई पोस्ट आपत्तिजनक/भड़काऊ है तो इसकी सूचना तत्काल अपने संबंधित थाने को दें, ताकि पोस्ट डालने वाले के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके। किसी के बहकावे में आकर अथवा किसी अफवाह के आधार पर ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो।
एसपी ने बताया कि जबलपुर की साइबर टीम द्वारा निरंतर निगाह रखी जा रही है। सबंधित थाना प्रभारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। आपत्तिजनक पोस्ट/ वीडियो/ फुटेज शेयर करने पर यदि कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हुई तो संबंधित के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।