जबलपुर में गोहलपुर थानान्तर्गत रजा चौक स्थित मकान के कमरे में आग लग गई। इस घटना में कमरे में सो रही बुजुर्ग लकवाग्रस्त महिला की मौत हो गई। आग लगने का कारण मच्छर मार अगरबत्ती या शार्ट-सर्किट बताया जा रहा है।
गोहलपुर थाना प्रभारी विजय तिवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजा चौक निवासी रसूल खान की मां सितारा बेगम उम्र 69 साल लकवाग्रस्त थी। वह रविवार की दरम्यानी रात अपने कमरे में सो रही थी, जिसमें कपड़े रखे हुए थे। तड़के लगभग सवा चार बजे कमरे में आग लग गई। आग ने कुछ देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर में धुंआ भरने लगा, जिसके कारण दूसरे कमरों में सो रहे परिवार के अन्य सदस्य भी उठ गए।
परिजनों ने अपने स्तर पर आग पर काबू प्राप्त करने के साथ ही दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू प्राप्त किया। इस घटना में बुजुर्ग की जलने से मौत हो गई। महिला के कमरे में आग बुझाने के लिए मच्छर मारने अगरबत्ती लगाई गई थी। इसके अलावा कमरे में लगा पंखा भी चली अवस्था में मिला। इसके कारण यह स्पस्ष्ट नहीं हो पाया कि आग शार्ट-सर्किट से लगा या अगरबत्ती से।