जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम लमकना में अज्ञात आरोपियों ने लाठी-रॉड से हमला कर अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी। अधेड़ का रक्तरंजित शव सोमवार की सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनके संबंध में प्रतासाजी प्रारंभ कर दी है।
एसडीओपी सिहोरा पारूल शर्मा के अनुसार ग्राम लमकना में तालाब किनारे एक अधेड़ व्यक्ति की रक्तरंजित लाश मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतक के सिर पर चेहरे में लाठी-रॉड से प्रहार किए जाने के निशान थे। उसके मुंह व नाक से खून बह रहा था। मृतक की शिनाख्ती ग्राम रीछी निवासी शिव सिंह ठाकुर (52) के रूप में हुई। अधेड़ शराब पीने का आदी था और इसी कारण से उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह घुमंतू जैसी जिंदगी जीने लगा था और अक्सर शराब के नशे में कहीं भी सो जाता था।
पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया था। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के संबंध में पतासाजी प्रारंभ कर दी है। आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।