सार
जबलपुर-बरेला मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे काम कर रहीं महिला श्रमिकों को कुचल दिया। इलाज के दौरान तीन और महिलाओं की मौत से मृतकों की संख्या पांच हो गई। 14 महिलाएं घायल हुई थीं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। कार चालक फरार है।
जबलपुर-बरेला मार्ग पर रविवार दोपहर महिला श्रमिकों के साथ हुए दर्दनाक हादसे में सोमवार दोपहर तक तीन और महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रील की रंगाई कर रहीं महिला श्रमिक तेज रफ्तार कार का शिकार हुई थीं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। हादसे में अब तक कुल पांच महिला श्रमिकों की मौत हो चुकी है। वहीं दो घायल महिलओं की हालत गंभीर बनी हुई है।
बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार जबलपुर-मंडला रोड स्थित सिग्मा सिटी के सामने सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रील में मजदूर वर्ग पेंट करने का कार्य कर रहे थे। महिला मजदूरों का समूह गत दोपहर लगभग डेढ़ बजे संयुक्त रूप से सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहा था। इसी दौरान बरेला से जबलपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार के चालक ने मजदूरों के समूह को समूह को रौंदते जबलपुर की तरफ भाग गया। कार की चपेट में आने के कारण 14 मजदूरों घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें- हाईवे पर काम कर रहे मजदूरों पर काल बनकर गुजरी तेज रफ्तार कार, दो की मौके पर हुई मौत, 20 घायल
अस्पताल में उपचार के दौरान गत दिवस चौनवती उम्र 35 तथा लच्छो बाई उम्र 38 साल निवासी ग्राम बम्होरी जिला मंडला की मौत हो गई। दरम्यानी रात उपचार के दौरान वर्षा बाई उम्र 39 साल, कृष्णा बाई उम्र 41 तथा गोमती बाई उम्र 40 साल की मौत हो गई। घायल अन्य महिलाओं का उपचार जारी है और उनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
लोक निर्माण मंत्री पहुंचे अस्पताल
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकत कर उपचार संबंधित जानकारी प्राप्त की। एनएचएआई ने मृतक परिवार को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। जिसमें से एक-एक लाख रुपये तत्कालीन सहायक के रूप में प्रदान किये जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतकों परिजनों को सहायता राशि
जबलपुर हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जबलपुर जिले के गौर नदी के पास सड़क दुर्घटना में एनएचएआई के सड़क निर्माण के श्रमिकों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख, गंभीर घायलों को 1-1 लाख तथा साधारण घायलों को 50-50 हजार की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। कार्य एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख, गंभीर घायलों को 1-1 लाख एवं साधारण घायलों को 50-50 हजार की सहायता राशि प्रदान करें। ईश्वर दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।