जबलपुर सड़क हादसे में दो छात्रों की मौके पर मौत हो गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
जबलपुर के तिलवारा थानातंर्गत नेशनल हाईवे स्थित रमनगरा मोड़ पर शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई। मृतक छात्र आपस में चचेरे भाई हैं। वहीं दो अन्य छात्रों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चारों छात्र स्कूल की छुट्टी होने के बाद एक मोटरसाइकिल में सवार होकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसके संबंध में पतासाजी प्रारंभ कर दी है।
तिलवारा थाने पदस्थ सोबरन तोमर के अनुसार रमनगरा निवासी विदित वैदेही (17) सेंट अगस्टीन स्कूल का छात्र था। शुक्रवार दोपहर वह पिता रोहित वैदेही की बाइक लेकर तिलवारा स्थित स्कूल गया था। दोपहर लगभग तीन बजे लौटते समय रास्ते में उसका चचेरा भाई शिवांश वैदेही (17) मिला। शिवांश नगर निगम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12वीं का छात्र था और स्कूल की छुट्टी होने पर घर लौट रहा था। छात्र ने अपने चचेरे भाई को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया था। रास्ते में उन्हें शिवांश के दोस्त प्रियांशु ठाकुर (17) और अर्पित पाराशर (17) मिले। दोनों ने उन्हें भी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया था।
विदित ने नेशनल हाईवे से रमनगरा मोड की तरफ बाइक को मोड़ा तभी तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर के साथ ही प्रियांशु और अर्पित छिटककर दूर जा गिरे। विदित और शिवांश को ट्रैक्टर कुचलते हुए निकल गया। इसके कारण दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई।
राहगीरों ने घायल छात्रों को भिजवाया अस्पताल
घटना के बाद आरोपी चालक घटनास्थल पर ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। राहगीरों ने घायल दोनों छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाकर घटना के संबंध में पुलिस पर परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक के संबंध में पतासाजी कर रही है। छात्रों के साथ हुई दर्दनाक हादसे की खबर पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
नियमों की अनदेखी
एसआई सोबरन तोमर ने बताया कि चारों छात्र एक मोटरसाइकिल पर सवार थे। मोटरसाइकिल चलाते हुए वे हेलमेट भी नहीं पहने हुए थे। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का पालन किया जाता तो यह दर्दनाक हादसा नहीं होता।