जबलपुर के पनागर थाना अंतर्गत ग्राम पठरा उमरिया में हुई चाकूबाजी में घायल युवक ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। मामले में लापरवाही सामने आने पर दो सब-इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया गया है, क्योंकि घटना के बाद आरोपियों पर कमजोर धाराएं लगाई गई थीं।
जानकारी के अनुसार, पठरा उमरिया में रहने वाला संतोष दुबे करीब पांच दिन पूर्व खेत से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान शराब के नशे में धुत्त सौरभ पटेल, सोनू पटेल और रमन पटेल ने उसे रोका और गालियां देने लगे। संतोष के विरोध करने पर तीनों ने उस पर चाकू से हमला किया और वहां से चले गए। परिजन उसे गंभीर हालत में सेठ गोविंद दास जिला अस्पताल विक्टोरिया लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ अब हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पनागर थाने का घेराव किया और थाने के सामने शव रखकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही थाने के दो एएसआई, मयंक यादव और संतोष ठाकुर, को लापरवाही के चलते लाइन हाजिर किया गया है।
डॉक्टर को भी हटाया गया
वहीं, एक डॉक्टर पर भी इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया गया था। यह बात विधायक इंदु तिवारी तक पहुंची, जिन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आदेश दिया। इलाज में गंभीर चोटों को मामूली चोट बताने वाले डॉक्टर रजी नफीस को यहां से हटाकर बेरला अस्पताल भेजा गया है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पनागर थाना प्रभारी अजय बहादुर ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लापरवाही बरतने के आरोप में दो सब-इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।