मध्पप्रदेश के जबलपुर में हाईवा चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक हाईवा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार जबलपुर जिले के सेलवारा के रहने वाले 34 वर्षीय सत्येन्द्र सिंह अपने दोस्त राहुल दाहिया के साथ किसानी के काम से सिहोरा आए थे। भाई शरद ठाकुर भी अलग बाइक से उनके साथ आया था। तीनों युवक रविवार रात 9 बजे गांव लौट रहे थे। हिरण नदी पुल के समीप सामने से आ रही हाईवा क्रमांक एमपी 20 एचबी 8657 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सत्येन्द्र व राहुल की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हाईवा चालक दोनों को रौंदते हुए वाहन लेकर फरार हो गया।
दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है।
घायल की मौत
खमरिया थानांतर्गत ओएफके स्कूल के सामने हुई सड़क दुर्घटना में आकाश मिंज (23) घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान आज सुबह युवक की मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में ले लिया है।