Faridabad AC Blast News: फरीदाबाद में हुए एसी ब्लास्ट की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। चार मंजिला मकान में ब्लास्ट के बाद आग लगने से दंपति और उसकी बेटी करीब 30 मिनट तक तड़पती रही। फिर वहीं, दम घुटने की वजह से उनकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार एमपी के जबलपुर का रहने वाला था।
फरीदाबाद में घटी एक मकान पर एसी ब्लास्ट की घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। एमपी के जबलपुर के मूल निवासी सचिन कपूर के पूरे परिवार की दर्दनाक मौत हो गई। वो यहां अपने परिवार के साथ रहते थे। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के सूरजकुंड थाना इलाके की ग्रीन फील्ड कॉलोनी के बी ब्लॉक में चार मंजिला मकान में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। पहली मंजिल पर लगे एसी के बालकनी में रखे आउटडोर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग पूरे फ्लोर पर फैल गई। यहां रहने वाला परिवार बचकर बाहर निकल गया।
विज्ञापन
वहीं, दूसरी मंजिल पर रहने वाले दंपती और बेटी की धुंए से दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, बेटे ने बगल के फ्लोर का शीशा तोड़कर वहां से कूद जान बचाई। वहीं चौथी मंजिल पर रहने वाले दो भाईयों के परिवार के सात लोगों को पुलिस ने रेस्क्यू किया। हादसे में एक कुत्ता भी मर गया।
सचिन कपूर जबलपुर के मूल निवासी थे
मृतकों में सचिन कपूर (52), पत्नी रिंकू कपूर (46) और बेटी सुजान (13) शामिल हैं। सचिन कपूर के बेटे आर्यन (24) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सचिन कपूर मध्य प्रदेश जबलपुर के मूल निवासी थे और बीते 25 साल से फरीदाबाद में रह रहे थे। ग्रीन फील्ड कॉलोनी के इस मकान में दूसरी और तीसरी मंजिल के दो फ्लोर उन्होंने लगभग पांच साल से किराये पर लिए हुए हैं। वो शेयर ट्रेडिंग का काम करते थे। परिवार दूसरी मंजिल पर ही रहता था जबकि तीसरी मंजिल खाली थी।
विज्ञापन
आउटडोर यूनिट में शॉर्ट सर्किट से आग लगी
रविवार रात को सचिन कूपर, पत्नी रिंकू व बेटी एक कमरे में सोए हुए थे। आर्यन दूसरे कमरे में था। देर रात लगभग तीन बजे पहली मंजिल की बालकनी में रखे एसी के आउटडोर यूनिट में शॉर्ट सर्किट से आग लगी और ये आग फ्लोर में फैल गई। पहली मंजिल पर रहने वाला परिवार नींद से जगा और नीचे उतर आया। यहां से ये चिल्लाकर ऊपर रहने वाले पड़ोसियों को जगाने लगे। दूसरी मंजिल पर ये धुंआ फैलने लगा तो आर्यन की आंख खुली। उसने धुंआ देखा और पिता के कमरे में जाकर उन्हें जगाया।
चौथी मंजिल से छत पर गेट बंद था
सभी बचने के लिए नीचे की ओर आने लगे लेकिन वहां धुंआ बहुत ज्यादा था। फिर वे बचने के लिए ऊपर की ओर गए तो वहां चौथी मंजिल से छत पर गेट बंद था। वे वापस सीढ़ियों में आ गए और वहीं पर दम घुटने से उनकी मौत हो गई। तीसरी और चौथी मंजिल की सीढ़ियों पर सचिन, उनकी पत्नी, बेटी व कुत्ता मृत मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के हवाले कर दिए गए हैं। शॉर्ट सर्किट से लगी आग के चलते ये हादसा हुआ।