गढ़ा थाना क्षेत्रातंर्गत पचमठा मंदिर के समीप एक महिला ने दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने विवेचना में पाया कि पति और सास-ससुर की प्रताड़ना से त्रस्त होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठाया था। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। विगत पांच जून की रात को दूसरे मंजिल की छत से कूदकर अनमोल नामक महिला द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने प्रताड़ना और आत्महत्या दुष्प्रेरण का मामला पाया है। पुलिस ने आरोपी पति विपुल व मृतिका के सास-ससुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे विवेचना में लिया है।
गढ़ा सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि 27 वर्षीय अनमोल खत्री का विवाह दिसंबर 2021 में पचमठा मंदिर के समीप रहने वाले विपुल आहूजा के साथ हुआ था। मृतका का पति विपुल आहूजा अपने नये काम चालू करने के लिये अनमोल को अपने माता पिता से मदद मांगने के लिये कहता था। अनमोल के माता पिता के द्वारा विगत चार वर्ष में यथा सम्भव सामान, नगदी तथा कुछ सोना पुत्री को दिया गया था। इसके बावजूद भी विपुल अपनी पत्नी अनमोल को परेशान एवं प्रताड़ित कर अक्सर मारपीट करता था। कमरे में बंद कर खाना पीना नहीं देते थे।
ये भी पढ़ें-
किसको बचाना चाहती है पुलिस? सोनम के पिता की थ्योरी ने खड़े किए गहरे सवाल, जानें सब कुछ
पति द्वारा मारपीट करने में सास तथा ससुर गिरीश आहूजा भी अपने पुत्र विपुल आहूजा र्का पूर्ण सहयोग कर शारीरिक एवं मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित करते थे। जिनकी प्रताड़ना से तंग आकर अनमोल ने 5 व 6 जून की मध्य रात्रि में अपने घर की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने विवेचना के दौरान एकत्र किये गये साक्ष्य व गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी पति विपुल आहूजा, सास कांची आहूजा, ससुर गिरीश आहूजा के विरूद्ध धारा 80, 85, 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है तथा उसकी तलाश जारी है।