परिवार के साथ जयपुर घुमकर लौट रहे डिप्टी रेंजर की कार खड़ी बस से जा टकराई। हादसे में डिप्टी रेंजर की पत्नी की मौत हो गई जबकि डिप्टी रेंजर और उसकी बेटी घायल है।
बालाघाट पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरसा वन परिक्षेत्र में पंकज रिछारिया डिप्टी रेंजर के पद पर पदस्थ थे। वह परिवार सहित अपनी निजी कार से जयपुर घूमने गये थे। वापस लौटते समय मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बिरसा थानान्तर्गत केण्डाटोला गांव के समीप सड़क पर खड़ी बस से उनकी कार टकरा गयी। डिप्टी रेंजर खुद कार चला रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में उनकी पत्नी प्रीति की मौत हो गयी, जबकि डिप्टी रेंजर व उनकी बेटी घायल हैं। घायलों को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्साल भेजा गया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।