शक्ति भवन में बिजली कंपनी का अधिकारी रिश्वत लेते पकड़ाया
- फोटो : सोशल मीडिया
जबलपुर के शक्ति भवन को बिजली क्षेत्र का 'पॉवर हाउस' कहते हैं। इसी पॉवर हाउस में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का मुख्यालय है। इसी मुख्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोकायुक्त की टीम ने छापा मारा। यहां पर लोकायुक्त की टीम ने उप महाप्रबंधक और उसके सहयोगी को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है।
दरअसल,एक निजी कंपनी का रजिस्ट्रेशन रिन्यू करने के एवज में ये रिश्वत मांगी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक संजय साहू से मिली जानकारी के अनुसार नागपुर स्थित रोशनी सोलर कंसल्टेंसी कंपनी के जबलपुर क्षेत्र में जनरल मैनेजर विष्णु सिंह लोधी से उप महाप्रबंधक हिमांशु अग्रवाल रिश्वत की मांग कर रहा था। इसकी शिकायत लोकायुक्त के पास आई। शिकायत में कहा गया कि नोडल अधिकारी सोशल सेल का दायित्व हिमांशु अग्रवाल के पास है और कंपनी के रजिस्ट्रेशन रिन्यू करने के एवज में वो 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत का सत्यापन करने के लिए रिश्वत मांगने की बातचीत को रिकॉर्ड करवाया गया। रिश्वत की पहली किस्त लेकर शिकायतकर्ता शक्ति भवन स्थित कार्यालय के समीप पहुंचा। इस दौरान उप महाप्रबंधक ने अपने सहयोग हिमांशु यादव प्राइवेट ठेकेदार को रिश्वत की रकम लेकर रखने के निर्देश दिए। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम लेकर रखी, लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। लोकायुक्त की टीम ने डीएसपी सुरेखा परमार के नेतृत्व में कार्यवाही की।