कोल खदान के क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय जबलपुर में पदस्थ रहे क्षेत्रीय आयुक्त के खिलाफ सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रकरण दर्ज किया है। सीबीआई ने पूर्व में क्षेत्रीय आयुक्त तथा नौरोज़ाबाद जिला उमरिया कार्यालय में पदस्थ लिपिक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। इस दौरान सीबीआई ने क्षेत्रीय आयुक्त के घर से जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद आय से दो करोड़ 16 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का प्रकरण दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें-
यासीन मछली केस: मकान तोड़ने का मामला, भोपाल कलेक्टर और DCP क्राइम हुए दस्तावेजों के साथ हाईकोर्ट में उपस्थित
गौरतलब है कि कोल खदान के क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय जबलपुर में पदस्थ रहे क्षेत्रीय आयुक्त रविशंकर कश्यप तथा नौरोज़ाबाद जिला उमरिया स्थित कार्यालय में पदस्थ लिपिक उमाशंकर तिवारी को गत मार्च माह में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पीसी एक्ट की धारा 7 के अंतर्गत अधिनियम 1988 (2018 में संशोधित) और बीएनएस की धारा 61(2) के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया था।
ये भी पढ़ें-
भाजपा की नई समन्वय टीम से ग्वालियर-चंबल अंचल नदारद, सिंधिया-तोमर विवाद का दिख रहा असर
इस दौरान सीबीआई ने क्षेत्रीय आयुक्त के घर में दबिश देकर दस्तावेज जब्त किए थे। दस्तावेजों की जांच के दौरान सीबीआई ने पाया कि 1 अप्रैल 2016 से 25 मार्च 2025 के बीच क्षेत्रीय आयुक्त की कुल आय 3 करोड़ 39 लाख 51 हजार रुपये थे। इस दौरान उन्होंने लगभग 2 करोड़ 99 लाख रुपए व्यक्त किए। इसके अलावा 2 करोड़ 68 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति एकत्र की। इस प्रकार उन्होंने इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 16 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। सीबीआई ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वर्तमान में आरोपी सेवानिवृत्त हो गया है।