जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकरी रैपुरा के पास मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार मैहर में मां शारदा के दर्शन कर अपने गृह जिला छिंदवाड़ा लौट रहे थे।
बरगी थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि छिंदवाड़ा निवासी यह परिवार मैहर दर्शन के बाद लौट रहा था। सुकरी रैपुरा के पास उनकी अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सुनीता बाई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेश्वर, जयश्री और सुषमा घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें; पहले लगाया रोमेंटिक स्टेटस, फिर एक ही फंदे से झूल गए शादीशुदा प्रेमी और नाबालिग प्रेमिका
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पाटन-शहपुरा रोड पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक का शव सड़क किनारे नाले के पास पड़ा मिला, जबकि उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पास ही पाई गई। खेत मालिक नीतेश सिंह ठाकुर और ग्राम कोटवार बालकिशन मेहरा ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की और मृतक की पहचान पाटन पेमाखेड़ा निवासी 23 वर्षीय राकेश मेहरा पुत्र सेवाराम मेहरा के रूप में की है।