दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के वॉर्ड क्रमांक आठ में बुधवार की दोपहर दो युवक काम करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक आपस में जीजा-साले लगते हैं। नवाब पिता चंद खान 35 वर्ष और रहीम पिता बाबू खान बुधवार सुबह नगर के वॉर्ड आठ में एक घर की फिटिंग का कार्य कर रहे थे। दोनों बिजली कार्य करने छत पर गए थे, वहां से हाईटेंशन लाइन निकली थी। इसी दौरान नवाब ने लोहे की राड उठाई जो धोखे से हाईटेंशन लाइन से टच हो गई, जिससे उसे करंट लग गया और राड उसके हाथ में चिपक गई तभी उसे बचाने के लिए रहीम ने उसे पकड़ लिया और दोनों लोग करंट में झुलस गए। दोनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मकान मालिक और अन्य लोग छत पर पहुंचे तभी दोनों युवक जमीन पर गिरे पड़े थे। दोनों को गंभीर हालत में तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, बाद में दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
तेंदूखेड़ा सीबीएमओ डॉ. आरआर बागरी ने बताया कि दोपहर के समय दो युवक हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से झुलस गए। जिनका प्राथमिक इलाज करने के बाद जबलपुर रेफर किया गया है वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।