रीवा से नागपुर की यात्रा कर रहे यातायात विभाग में पदस्थ एक सहायक सब इंस्पेक्टर शिव नरेश तिवारी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब बस में रखा 14 लाख रुपयों से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। पुलिस के अनुसार बताया जा रहा है कि एएसआई के बेटे ने नागपुर में मकान लिया है। जिसकी रकम अपने बेटे को देने के लिए बीती रात राजहंस बस से नागपुर लेकर जा रहे थे। रास्ते में गोसलपुर थाना क्षेत्र स्थित सोनम ढाबे पर बस रुकी। इसी दौरान एएसआई बाथरूम जाने के लिए नीचे उतरे। जब वह महज तीन मिनट बाद वापस लौटे तो सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग गायब था। अचानक हुई इस घटना से एएसआई के होश उड़ गए। उन्होंने बस में बैग की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
ये भी पढ़ें-
कलयुग की सावित्री: करवाचौथ पर पति की जान बचाने के लिए व्रत में जहरीले सांप से भिड़ी पत्नी, पटक-पटककर ले ली जान
गोसलपुर पुलिस ने बताया कि रीवा के यातायात विभाग में पदस्थ एएसआई शिव नरेश तिवारी बस से रीवा से नागपुर जा रहे थे। उनके पास करीब 14 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। जानकारी के मुताबिक वह यह रकम नागपुर में अपने बेटे को देने के लिए लेकर जा रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपने पास बस में रखा हुआ था। सब कुछ सामान्य चल रहा था। बस जैसे ही गोसलपुर के सोनम ढाबे के समीप पहुंची, तभी एएसआई बाथरूम जाने के लिए बस से नीचे उतर गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही मिनटों में उनके साथ इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। पहले उन्होंने आसपास नजर दौड़ाई और फिर बस के अंदर बैग की तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। बैग में 14 लाख रुपये होने के कारण उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी संबंधित स्तर पर दी।
घटना की परिस्थितियों को देखते हुए यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर महज तीन मिनट के भीतर बैग किसने और कैसे गायब किया। क्या किसी ने पहले से एएसआई की गतिविधियों पर नजर रखी थी या ढाबे पर बस रुकने के दौरान मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के लिए इन सभी बिंदुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी। बस में सफर कर रहे यात्रियों के साथ चालक और परिचालक से पूछताछ के साथ ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं।