भांजे के साथ मौसी एटीएम लूटने पहुंची थी। एटीएम नहीं तोड़ पाने के कारण दोनों को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस ने फुटेज के आधार पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर स्थित एटीएम में शनिवार रात को तोड़फोड़ करते हुए कैश लूटने का प्रयास किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सूचना मिलने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनके संबंध में पतासाजी प्रारंभ कर दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पाया कि एटीएम में तोड़फोड़ करते हुए उससे नकदी लूटने का प्रयास एक महिला तथा किशोर द्वारा किया गया था।
ये भी पढ़ें-
जज से बात करना चाहते थे MLA पाठक, उन्होंने खुद को केस से हटाया, चीफ जस्टिस के पास भेजी याचिका
फीस जमा करने के लिए किया अपराध
पुलिस ने फुटेज के आधार पर 24 वर्षीय महिला भारती मेहरा तथा उसके नाबालिग भांजे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की थी। महिला ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह मूलत नरसिंहपुर निवासी है और उसका विवाह मथुरा में हुआ था। संजीवनी नगर स्थित अपनी बहन के घर आने पर उसे पता चला कि कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले भांजे की फीस जमा नहीं हुई है। फीस जमा नहीं होने पर भांजे को स्कूल से निकाल दिया जाएगा। इसके बाद वह भांजे को लेकर एटीएम लूटने के लिए पहुंच गई। उनके द्वारा एटीएम तोड़ने का प्रयास किया गया, परंतु सफल नहीं हो सके। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। नाबालिग किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने महिला के पास से रॉड, पेंचकस सहित अन्य सामान बरामद किए हैं।