ट्रेनों में जहरखुरानी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी।
- फोटो : सोशल मीडिया
ट्रेन में अकेले सफर करने वाली महिलाओं को जहरखुरानी का शिकार बनाकर लूटने वाला आरोपी रेलवे का ही पूर्व कर्मचारी निकला। सात साल पहले रेप केस में जेल जाने के चलते विभाग ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। पकड़ा गया आरोपी यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला है, वह छत्तीसगढ़ में नौकरी किया करता था और नौकरी जाने के बाद मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर ट्रेनों में जहरखुरानी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपी ट्रेन में अकेले सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाता था और खुद को रेलवे का गार्ड बताकर महिलाओं से दोस्ती किया करता था। महिलाओं से बातचीत बढ़ाकर वह उन्हें फ्रूटी में नींद की दवा मिलाकर पिला देता था और कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा आरोपी
आरोपी ने 6 दिन पहले सोमनाथ एक्सप्रेस में एक महिला यात्री को फ्रूटी में नींद की दवा मिलाकर पिला दी थी और महिला के बेहोश होने पर मंगलसूत्र, ATM कार्ड, मोबाइल, चार्जर ले कर फरार हो गया था। महिला ने इसकी शिकायत जीआरपी में दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत पर सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चैक की गई, जिसमें महिला ने उस युवक को पहचान लिया। आरोपी की पहचान अवनीश गुप्ता के रूप में की गई।
जहरखुरान काफी शातिर है। उसने वारदात के दौरान अपने मोबाइल को स्विच ऑफ रखा। ऐसे में रेलवे स्टेशन के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को देखा। कैमरे में कैद एक शख्स को पीड़ित महिला ने पहचान लिया। इसके आद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अवनीश गुप्ता (59) मुरादाबाद (उत्तरप्रदेश) का रहने वाला है।
आरोपी बेहद चालाकी के साथ ट्रेनों में जहरखुरानी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वारदात के दौरान वह अपना फोन स्विच ऑफ रखा करता था। वहीं ट्रेन में गार्ड की सफेद ड्रेस पहनकर ही जाता था। महिलाओं को भरोसे में लेने के लिए आरोपी अपना फेक आईडी कार्ड भी उन्हें दिखाया करता था। वह जबलपुर के शांतिनगर इलाके में रहकर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी के घर से महिला का पूरा सामान बरामद किया गया है।
7 साल पहले रेप केस में हुई थी जेल
आरोपी नौकरी के दौरान छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रेलवे विभाग में ऑपरेटर के पद पर भर्ती हुआ था। 2015 में रेप के केस में जेल गया तो रेलवे ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। जेल से छूटने के बाद वह ट्रेन में यात्रियों को लूटने लगा। आरोपी से और वारदातों के लेकर भी पूछताछ की जा रही है।