बरगी बांध के गेट खुलने के बाद उफनाई नर्मदा
- फोटो : अमर उजाला
बरगी बांध के गेट खोले जाने के कारण उफनाती नर्मदा नदी के ग्वारीघाट में पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड की मोटर वोट डूब गई। मोटर वोट का इंजन बंद होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के समय मोटरबोट में होमगार्ड के करीब 15 जवान सवार थे। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी जवानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आठ की क्षमता वाली नाव में सवार थे 15 जवान
होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटर वोट की अधिकतम क्षमता आठ व्यक्तियों की है, जबकि इसमें होमगार्ड के करीब 15 जवान सवार थे। क्षमता से लगभग दोगुने व्यक्तियों के बैठाए जाने के संबंध में जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड और डीआरसी के जवानों को तैनात किया गया था। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। वोट के चालक नीरज कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
नर्मदा के बीच बंद हुआ इंजन
प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटर वोट में क्षमता से लगभग दोगुने लोग सवार थे। नर्मदा नदी के बीच पहुंचने पर मोटरबोट का इंजन बंद हो गया। तेज बहाव के कारण मोटरबोट गोता खाने लगी और उसमें पानी भर गया। पानी भरने के कारण मोटरबोट डूब गई। मोटर वोट में सवार सभी लोग लाइफ सेविंग जैकेट पहने हुए थे, जिसके कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
यह भी पढ़ें:
जन्माष्टमी 2026: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भारी भीड़, दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी
स्थानीय नाविकों ने दिखाई तत्परता
नाव को डूबता देख स्थानीय नाविक राहत एवं बचाव कार्य के लिए नाव लेकर नदी में फंसे जवानों तक पहुंचे। इसके बाद उन्हें अपनी नाव में बैठाकर सुरक्षित किनारे तक लाया गया। स्थानीय नाविक समय रहते बचाव के लिए नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।