बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पानी में तैरती लाइफ जैकेट के बंडल लापरवाही की ओर संकेत कर रहे हैं। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि हादसे के बाद डैम में दो-तीन लाइफ जैकेट के बंडल तैरते हुए दिख रहे हैं।
प्रारंभिक तौर पर सवाल उठ रहा है कि यदि इन लाइफ जैकेट्स को समय रहते क्रूज सवार लोगों को उपलब्ध कराया जाता, तो संभव है कि कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इस घटनाक्रम के बाद अब सिस्टम की लापरवाही धीरे-धीरे सामने आ रही है। हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एक और अहम सवाल यह भी है कि जब कई क्रूज सवार ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, तो वे डूबे कैसे? जानकारी के अनुसार, कई मृतकों के शव लाइफ जैकेट पहने हुए ही डैम से बाहर निकाले गए हैं, जिससे हादसे के कारणों को लेकर संशय और गहरा गया है।
‘सुरक्षा मानकों में कमी मिली तो होगी कार्रवाई’
मामले को लेकर राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने भी क्रूज प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित सभी क्रूज की फिटनेस जांच कराई जाएगी। यदि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, तो संबंधित क्रूज को तत्काल बंद कर दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि क्रूज में लाइफ जैकेट का प्रावधान रहता है और जिन शवों को बरामद किया गया है, उनमें कई लोगों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। ऐसे में प्राथमिक तौर पर यह संभावना जताई जा रही है कि नाव के निचले हिस्से (चैंबर) में पानी भर जाने के कारण, लाइफ जैकेट पहनने के बावजूद लोगों की मौत हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण सामने आएंगे।