मध्य प्रदेश में रामनवमी पर खरगोन और बडवानी जिले के सेंधवा में जुलूस पर पथराव हुआ। सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी और दो गुट आपस में भिड़ गए। कई लोग घायल हुए। सोमवार को राज्य सरकार ने हिंसा में शामिल करीब लोगों के करीब 50 घरों पर बुलडोजर चलाए। इस बीच आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए फायर ब्रांड नेता कपिल मिश्रा भी कांग्रेस के निशाने पर आ गए। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि जहां कपिल मिश्रा, वहां दंगा होता है। अमर उजाला ने कपिल मिश्रा से बातचीत की। प्रस्तुत है उनसे बातचीत के प्रमुख अंशः
सवाल: रामनवमी पर आप खरगोन में क्या कर रहे थे?
कपिल मिश्राः मुझे एक सामाजिक संस्था ने रामनवमी पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने बुलाया था। यह कार्यक्रम भीकनगांव में था, जो हिंसा वाली जगह से 40 किमी दूर है। यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
सवालः दिग्विजय सिंह आपकी खरगोन में उपस्थिति पर सवाल उठा रहे हैं?
कपिल मिश्राः देखिए, दिग्विजय सिंह का इतिहास रहा है। वह कसाब को भी हिंदू बता रहे थे। एक झूठी किताब भी रिलीज कर रहे थे, जिससे 80 से ज्यादा आतंकी बच जाते। उन्होंने जेहादियों को बचाने के लिए झूठ फैलाना शुरू किया है। जिन लोगों ने हिंसा की और पत्थर चलाए, सब कैमरे में कैद हैं। उन्हें बचाने के लिए मुझ पर झूठे इल्जाम लगा रहे हैं। जांच होगी तो दंगे के पीछे कोई जेहादी और उसके पीछे छिपा कोई कांग्रेसी ही सामने आएगा।
सवालः जिस कार्यक्रम में आपने भाग लिया, उसका भाजपा से क्या संबंध था?
कपिल मिश्रा: मैं भाजपा का सदस्य हूं। आम कार्यकर्ता हूं। रामनवमी का कार्यक्रम भाजपा का कार्यक्रम नहीं था। एक सामाजिक संस्था ने उसका आयोजन किया था।
सवालः दिल्ली दंगों में आपकी भूमिका पर विपक्ष बार-बार सवाल उठाता रहता है?
कपिल मिश्राः सबको मालूम है कि दिल्ली दंगों में किसके घर से ट्रक भर के पत्थर मिले। गुलेल, बम बनाने का सामान मिला। दिल्ली दंगों की जांच कोर्ट कर रही है। यह लोग दंगों के आरोप में जेल जाने वाले उमर खालिद, शरजील इमाम का नाम नहीं लेते, सिर्फ मेरा नाम लेते है। मैंने सड़क खाली करने की बात कही तो मैं दंगे का आरोपी बन गया। इनका एजेंडा है कि असली जेहादी को बचाओ और किसी हिंदू को आरोपी बना दो।
सवालः दिग्विजय सिंह कह रहे हैं कि चेहरा देखकर एमपी में बुलडोजर चला रहे हैं?
कपिल मिश्राः कैमरे में जिन लोगों के चेहरे सामने आए हैं, जिन लोगों की मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग मिली है, उन लोगों पर कार्रवाई हो रही है। मेरा उनसे सवाल है कि किस जांच के बाद उन्होंने मेरा नाम दंगों से जोड़ा था। किस जांच के बाद उन्होंने कसाब को हिंदू बताया? उनका ट्रेक रिकॉर्ड बताता है कि वह जेहादियों के साथ है।
सवालः मुस्लिम इलाकों से जुलूस निकलने पर हिंसा की बात कही जा रही है।
कपिल मिश्राः मेरी इस पर बड़ी आपत्ति है। देश को मुस्लिम और हिंदू इलाका बोलकर बांटा जा रहा है। जो यह कह रहा है, वह देश को बांट रहा है। हम किसी इलाके को धर्म आधारित नहीं मानते। रामनवमी का जुलूस देश के किसी भी रास्ते से निकाला जाएगा और डीजे भी बजाया जाएगा। म्यूजिक के बदले हिंसा स्वीकार नहीं की जाएगी।