भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे भारत यात्रियों की भी अपनी कहानी है। खास कहानी है उस शख्स की जिसने राहुल गांधी के लिए 12 साल पहले चप्पल पहनना छोड़ दिया था। आज वह यात्रा में तिरंगा फहरा रहा है।
राहुल गांधी की भारत यात्रा इन दिनों मध्यप्रदेश में है। इस यात्रा में करीब सौ से अधिक भारत यात्री हैं, जिन्होंने राहुल के साथ ही कन्याकुमारी में अपना सफर शुरू किया था। इनमें से एक है हरियाणा के 27 वर्षीय दिनेश शर्मा। बाएं पैर पर पट्टी बंधी बंधी है और दाएं पैर में छाले हैं। बिना चप्पल जो अब तक की यात्रा तय की है। ऐसा नहीं है कि चप्पल पहन नहीं सकते, लेकिन दिनेश शर्मा ने 12 साल पहले चप्पल पहनना छोड़ दिया था। उनका लक्ष्य है राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना। इसके बाद ही वह चप्पल पहनेंगे। यात्रा में राहुल के पीछे तिरंगा लहराते दिनेश शर्मा आपको दिख जाएंगे।
नंगे पैर चलने पर परेशानी नहीं होती? इस सवाल के जवाब में दिनेश कहते हैं कि 'कभी पैर में पत्थर चुभते है। कभी कांच लग जाता है, खून भी बहता है, लेकिन तिरंगा हाथ में होता है तो सारे दर्द भूल जाता हूं। छह राज्यों में सड़क पर चलने के दौरान ज्यादा दिक्कत नहीं आई, लेकिन मध्यप्रदेश की उबड़-खाबड़ सड़कों ने खूब परेशान किया। बुरहानपुर में ही तलवे में पत्थर घुस गया था। इस वजह से पट्टी बांधकर चलना पड़ रहा है।'