एक ढोंगी तांत्रिक ने 23 साल की युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। युवती पति से अलग होकर अपने मौसा-मौसी के पास रह रही थी। मौसा इस तांत्रिक से गड़े हुए धन की खोज करवा रहा था। इसी के चलते तांत्रिक ने युवती को शिकार बनाने की योजना बनाई। तांत्रिक ने युवती को तंत्र विद्या से पति के पास वापस पहुंचाने का वादा किया। इससे युवती तांत्रिक के जाल में फंस गई और शोषण का शिकार हो गई।
विज्ञापन
युवती के कपड़े उतारकर कहता जिन्न को खुश करना होगा
युवती ने पुलिस को बताया, पति से झगड़ा होने के बाद वह अपने मौसी-मौसा के पास रहने लगी। बड़वाह का रहने वाला राजेश सुरियाल (45) उसके मौसा के यहां आता था। मौसा-मौसी दोनों मजदूरी करते हैं। उनकी एक बेटी भी है। सितंबर 2022 में एक दिन युवती घर पर अकेली थी। इस दौरान राजेश आया और युवती से उसकी परेशानी तांत्रिक विद्या से दूर करने की बात कही। बाबा ने युवती को भरोसा दिलाया कि वो अपनी तंत्र शक्ति से उसके पति को उसके साथ रहने के लिए राजी कर लेगा। युवती उसकी बातों में आ गई, फिर शुरू हुआ ढोंगी बाबा का पूजा-पाठ का खेल। बाबा करीब एक घंटे की पूजा के बाद युवती से कपड़े उतारकर लेट जाने को कहता। उसके शरीर पर लौंग रखता और इत्र छिड़कता। कहता जिन्न खुश होगा तभी तुम्हारा काम होगा। इसके बाद उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। युवती ने मना किया तो कहा कि किसी तो बताया तो पति इस दुनिया में नहीं रहेगा। डरकर युवती शारीरिक संबंध बनाने पर भी मजबूर हो गई।
मौसा और तांत्रिक की बात से हुआ खुलासा
काफी समय बीत जाने के बाद भी वह पति से नहीं मिल सकी तो परेशान रहने लगी। एक दिन युवती ने मौसा और तांत्रिक को बात करते सुन लिया। दोनों गड़ा हुआ धन तलाश करने के लिए युवती का शोषण करने की बात कह रहे थे। इसके बाद युवती ने यह बात मौसी को बताई और फिर परदेशीपुरा थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने राजेश सुरियाल को गिरफ्तार किया। हालांकि, युवती ने अपने मौसा के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की है। परदेशीपुरा टीआई पंकज द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ने युवती से पूजा-पाठ के नाम पर पैसे भी वसूले हैं। पुलिस ने आरोपी राजेश सुरियाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।