इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में होस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर हाथ और पैर में चोट आई है। होस्टल संचालक का कहना है कि हादसा उसके होटल में नहीं हुआ, बल्कि छात्र एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिर कर घायल हुआ है। बेहोशी होने के कारण पुलिस छात्र के बयान नहीं ले पाई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना बुधवार रात दो बजे के करीब विजय नगर क्षेत्र के अंबिकापुरी के कमला बाॅयज होस्टल में रहन वाले छात्र के साथ हुई। छात्र सुरेश जाटव बिल्डिंग से गिर पड़ा। उसे नजदीक के गर्ल्स होस्टल के गार्ड एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। कमला बाॅयज होस्टल के संचालक का कहना है कि घटना उसके होस्टल में नहीं हुई। छात्र होस्टल से रात को टहलने के लिए निकला था और एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर वह घायल हो गया।
पुलिस ने होस्टल संचालक से सीसीटीवी फुटेज भी मांगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल छात्र सुरेश नरसिंहपुर का रहने वाला है। वह पढ़ाई के सिलसिले में इंदौर के होस्टल में रह रहा है। पढ़ाई के अलावा वह पार्ट टाॅइम जाॅब भी करता है। पुलिस ने युवक के परिजनों को भी सूचना दी। वे भी गुरुवार सुबह इंदौर पहुंचे।
छात्र ने किया सुसाइड
इंदौर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका। भंवरकुआ पुलिस के अनुसार आनंद नगर में रहने वाले हर्ष पिता राजेंद्र पाटीदार ने सुसाइड कर लिया। उसे भाई यश ने फंदे पर लटकते हुए देखा था। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। हर्ष का परिवार खेती करता है। पिता ने दोनों भाइयों को इंदौर में पढ़ाई के लिए भेजा था।