पलासिया क्षेत्र में सड़क तालाब बन गई।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर में 12 जुलाई के बाद बारिश रोज शाम को अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। सावन सोमवार को शिव का अभिषेक करने बारिश की बूंदे धरती पर आई। दो तीन दिन से कभी पूरब तो कभी पश्चिमी क्षेत्र में बादल बरस रहे थे, लेकिन सोमवार शाम को डेेढ़ घंटे पूरे शहर में बादल झूम कर बरसे।
दो इंच बारिश बारिश के सड़कों को तालाब मेें तब्दील कर दिया। निचले इलाकों में जलजमाव भी हुआ, लेकिन बारिश थमने के कारण पानी नालों में भी बह गया। तालाबों का जलस्तर भी बारिश के कारण बढ़ गया है और शहर के आसपास के झरने भी बहने लगे है।
शहर में अब तक 17 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है, हालांकि अभी बारिश का कोटा पूरा नहीं हुआ है। इंदौर मेें 40 इंच बारिश पूरे सीजन में होती है। शहर के उपर लगातार काले बादल छाए रहने से धूप भी नहीं निकल रही है। तापमान भी सप्ताह भर से सामान्य से कम ही दर्ज हो रहा है। सोमवार को दिन का तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहभर शहर मेें बारिश का दौर जारी रहेगा।
तालाबों का जलस्तर भी बढ़ा
सप्ताहभर से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के तालाबों का जलस्तर भी बढ़ गया है। यशवंत सागर तालाब में 17 फीट पानी भर चुका है,जबकि पिपलियापाला तालाब का जलस्तर 11 फीट हो गया है। नदियों में बहाव बढ़ने से गाद भी बह गई है और नदियां भी साफ नजर आ रही है।