बिल्डर संदीप उर्फ बंटी नागर के खुदकुशी मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस जांच को लेकर खाली हाथ है। नागर ने रविवार को पलासिया थाना क्षेत्र के साकेत नगर स्थित अपने दफ्तर में पत्नी की साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस अब भी बिल्डर द्वारा आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा पाई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है। तीन से चार एंगलों पर जांच पड़ताल चल रही है। पहले एंगल में पारिवारिक कारणों को पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है। वहीं, प्रारंभिक तौर पर पुलिस परिजनों से ही पूछताछ कर रही है। क्या घर में किसी तरह का कोई विवाद था? या संदीप उर्फ बंटी नागर कुछ पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे थे? अन्य कारण के तौर पर व्यापारिक प्रतिस्पर्धा या अन्य व्यापारियों के द्वारा किसी प्रोजेक्ट को लेकर परेशान किए जाने की बात को लेकर जांच कर रही है। इसके चलते पुलिस उनके व्यापारिक मित्रों से पूछताछ करने में जुटे हुई है।
ये भी पढ़ें-
सुसाइड मामले में सुराग के लिए बिल्डर बंटी नागर के मोबाइल खंगाल रही पुलिस, आज पार्टनरों से करेगी पूछताछ
मोबाइल खोल सकता है राज
तीसरे कारण के रूप में ब्लैकमेलिंग को शामिल किया गया है और पुलिस ने इसके चलते संदीप उर्फ बंटी नागर के मोबाइल फोन को भी जब्त किया है और तकरीबन एक महीने की कॉल डिटेल को पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है साथ ही आखरी बार संदीप उर्फ बंटी नागर ने किन लोगों से बातचीत की और किस विषय को लेकर बातचीत की, उसको लेकर भी पुलिस जांच जारी है। वहीं, पुलिस ने पिछले दिनों घटनास्थल से एक साड़ी बरामद की थी, उसके बारे में पुलिस द्वारा जब जांच की गई तो वह उनकी पत्नी की साड़ी निकली। इसके चलते यह अनुमान लगाया जा रहा है कि संदीप उर्फ बंटी नागर ने पहले ही आत्महत्या का मन बना लिया था, जिसके चलते वह घर से ही साड़ी को लेकर ऑफिस पर आए और जब ऑफिस पर कोई नहीं था उसी समय उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।