देश में स्वच्छता में नंबर वन इंदौर की कई सड़कों को साफ करने में परेशानी आ रही है। आखिर करे भी तो कैसे,बारिश में गड्ढे जो हो गए है। अभी इस मानसून सीजन में अभी ज्यादा बारिश नहीं हुई है, फिर भी शहर की कई सड़कें खस्ताहाल हो चुकी हैं, बंगाली चौराहे से कनाडिया जाने वाली सड़क हो, या फिर बिचोली हप्सी वाली सड़क।गड्ढों को सड़कों पर राज कायम है।
टोल से हर दिन 20 लाख कमाई, बदले में गड्ढे
देवास राऊ बायपास पर टोल नाके से हर दिन वाहन चालकों से टोल टैक्स के रुप में 20 लाख रुपयेे वसूले जाते है,लेकिन बदले में सड़क साबूत नहीं मिलती। सर्विस रोड कुछ हिस्सों में 20 मीटर तक गायब हो चुकी है।
बड़े-बड़े गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों को गिराने के लिए काफी है। बायपास के मुख्य मार्ग पर आई दरार में फंसने से दो दिन पहले बाइक सवार गिर पड़े थे। जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। सर्विस रोड को बनाने के लिए एनएचएआई ने 80 करोड़ रुपये नगर निगम को दिए है, लेकिन अभी तक सड़क नहीं बनी।
गड्ढे बिगाड़ रहे शहर की इमेज
दूसरे शहरों से आने वालेे यात्री अपने दिमाग मेें इंदौर को लेकर सबसे साफ शहर की छवि लेकर आते है, लेकिन शहर के नौलखा और तीन इमली बस स्टैैंड के बाहर ही सड़कों के हाल इतने बुरे है कि यात्रियों को अपनी धारणा बदलना पड़ रही है।