टेलीविजन सेलिब्रटी कुशाल टंडन और शिवांगी जोशी इंदौर की सड़कों पर बारिश में भीगते दिखे। मौका था दोनों के सीरियल मौसम प्यार का की लांचिंग का। शुक्रवार सुबह से चल रही बारिश के बीच दोनों इंदौर पहुंचे और बारिश में भीगते हुए ही फैंस से मुलाकात भी की।
विज्ञापन
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का यह शो 10 जुलाई से शुरू हो चुका है। यह सोमवार से शुक्रवार रात 8 बजे प्रसारित किया जा रहा है। इसमें रेयांश (कुशाल टंडन) और आराधना (शिवांगी जोशी) नाम के दो जिद्दी इंसानों की एक तूफानी प्रेम कहानी दिखाई जा रही है। एक न्यूज रूम के माहौल में रचे-बसे इस मॉनसून ड्रामा की दिलचस्प कहानी में रेयांश और आराधना के सफर का उतार-चढ़ाव है, जो जज्बातों के कशमकश में उलझ जाते हैं। कुशाल टंडन, रेयांश लांबा के रोल में टेलीविजन पर वापसी कर रहे हैं, जिसका व्यक्तित्व बड़ा पेचीदा है, जो लोगों का दिल तोड़ने के लिए जाना जाता है। दूसरी ओर, शिवांगी जोशी, आराधना साहनी का रोल निभा रही हैं, जो पक्के इरादों वाली एक महत्वाकांक्षी लड़की है और एक निडर पत्रकार बनने की तमन्ना रखती है। आराधना सबकुछ अच्छी तरह जानते हुए भी रेयांश की ओर खिंची चली जाती है और इस तरह शुरू होती है उनकी हलचल भरी प्रेम कहानी।
ईमानदार पत्रकार के किरदार ने मुझे मजबूती दी
अपनी इंदौर यात्रा के बारे में बात करते हुए शिवांगी जोशी ने कहा, आज इस शहर में अपने फैंस से मिलकर मुझे बहुत अच्छा लगा और मैं उम्मीद कर रही हूं कि आज का दिन खत्म होने पर मैं कुछ इंदौरी नमकीन खरीदूंगी। उन्होंने कहा की इस सीरियल में मुझे एक ईमानदार और मजबूत पत्रकार का किरदार मिला है जिससे मुझे खुद के जीवन में बहुत कुछ सीखने को मिला है। मैंने इस दौरान यह भी महसूस किया कि एक निडर पत्रकार का जीवन कितना संघर्षों से भरा होता है। कुशाल टंडन ने कहा, मुझे उम्मीद है कि इंदौर में हमारे फैंस हमारे शो के लिए अपना प्यार बरसाते रहेंगे। मैं वाकई बाहर निकलकर इस शहर के कुछ मशहूर स्ट्रीट फूड को चखने के लिए बेकरार हूं।