इंदौर में दिनभर की तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिन भी तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।
Indore News: देवी अहिल्या जयंती की तैयारी-प्रदेशभर में नाटक के माध्यम से सुनाई जा रही उनकी गाथा
शनिवार को दिनभर झुलसाने वाली गर्मी रही, और रात को भी गर्म हवाओं ने नींद में खलल डाला। शनिवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। रविवार को भी सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं का असर नजर आ रहा है। मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि इंदौर और आसपास के इलाकों में तापमान अगले दो से तीन दिन और बढ़ने की संभावना है, जिससे लू के हालात बने रह सकते हैं। रविवार को पारा अपेक्षाकृत और गिरा और 39.4 पर आकर ठहर गया। वहीं रात का पारा 23.6 तक ही गया।
स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी: लू से बचाव के लिए बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएस सेतिया ने बताया कि अत्यधिक गर्मी में लू लगना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे, खिलाड़ी और धूप में काम करने वाले मजदूर सबसे अधिक खतरे में रहते हैं। गर्म, लाल व शुष्क त्वचा, सिरदर्द, थकावट, चक्कर आना, उल्टी, बेहोशी और आंखों की पुतलियों का सिकुड़ना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
गर्मी और लू से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और खाली पेट न रहें। शराब व कैफीन युक्त पेय पदार्थों से बचें, ठंडे पानी से स्नान करें और सिर को ढककर रखें। हल्के रंग के ढीले-ढाले और पूरी बांह के कपड़े पहनें। बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें और दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर जाने से बचें। नंगे पांव धूप में न निकलें और भारी काम करने से परहेज करें। यदि बाहर निकलना आवश्यक हो, तो छाता व धूप का चश्मा जरूर उपयोग करें। धूप में जाने से पहले दो गिलास पानी पिएं। बुखार या लू लगने पर नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें और ओआरएस घोल, नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और फलों के रस का सेवन करें। इन उपायों से लू से बचाव संभव है।