इंदौर से कटनी के लिए निकली 29 साल की युवती अर्चना तिवारी रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। पांच दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा है। अर्चना राखी के दो दिन पहले 7 अगस्त की सुबह इंदौर से कटनी के लिए ट्रेन में सवार होकर निकली थी। परिजनों व पुलिस ने उसके इंदौर में रहने वाले परिचितों व दोस्तों से भी बात की, लेकिन कोई खास जानकारी नहीं मिली। इंदौर के होस्टल से निकलते हुए उसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इंदौर में सोशल मीडिया पर भी युवती के लापता होने के मैसेज वायरल हो रहे हैं।
यह है मामला
अर्चना इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18233) के बी-3 कोच में सीट नंबर 3 पर सफर कर रही थी। साथ बैठे यात्रियों ने बताया कि भोपाल स्टेशन के बाद वह कोच में नजर नहीं आई थी। उसका मोबाइल भी उसके साथ ही था, लेकिन सामान कोच में ही रखा था। अर्चना मंगल नगर, कटनी की निवासी है और वर्तमान में इंदौर में रहकर सिविल जज की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। साथ ही वकालत भी कर रही थी। ट्रेन में सफर के दौरान परिवार वालों से आखिरी बार उसकी बात सुबह 10:15 बजे हुई थी। तब ट्रेन भोपाल के आसपास थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है। अर्चना भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन तक पहुंची, लेकिन इसके बाद ट्रेन में दिखाई नहीं दी।
ये खबर भी पढ़ें:
इंदौर से ट्रेन में चढ़ी, भोपाल में आखिरी लोकेशन, उमरिया में मिला बैग; कहां गई अर्चना
ब्रिज के पास मिली लोकेशन
उसका बैग उमरिया स्टेशन पर लावारिस मिला। भोपाल से कटनी के बीच जिन स्टेशनों पर ट्रेन रुकती है, वहां परिजनों ने उसकी तलाश की है और पुलिस की भी मदद ली है, लेकिन चार दिन बाद भी उसका पता नहीं चला। उसकी मोबाइल की आखिरी बार की लोकेशन नर्मदापुरम जिले के ब्रिज के पास मिली है। वहां भी उसका कुछ पता नहीं चला।