इंदौर में शनिवार शाम को मुख्यमंत्री मोहन यादव आए। वे तीन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे, लेकिन अचानक उनके कार्यक्रम बदले और वे पहले पंत वैद्य कॉलोनी स्थित संघ कार्यालय ‘सुदर्शन’ पहुंचे।
वे यहां संघ के पदाधिकारियों से मिले और कार्यालय में लगी अनुभवशाला नामक प्रदर्शनी भी देखी। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे कार्यालय में रुके। वे संघ कार्यालय सिर्फ तीन वाहनों के काफिले के साथ आए थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर में भोपाल से विमान से इंदौर के लिए रवाना हुए। वे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरे। विमानतल पर उनका स्वागत भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, हरिनारायण यादव, विधायक रमेश मेंदोला, राकेश सिंह यादव सहित अन्य नेताओं ने किया। उन्होंने नेताओं से शहर से जुड़े मुद्दों पर कुछ देर चर्चा की। इसके बाद वे अपने काफिले के साथ रवाना हो गए।विमानतल पर सांसद शंकर लालवानी ने शहर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
उनका काफिला वीआईपी मार्ग होते हुए रामबाग पहुंचा और संघ कार्यालय पर रुका। संघ कार्यालय पर उनकी अगवानी संघ पदाधिकारियों ने की और वे सीधे प्रदर्शनी देखने पहुंचे।मुख्यमंत्री मोहन यादव जैन समाज के एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके बाद वे फिर भोपाल के लिए रवाना होंगे।