इंदौर के पाॅश इलाके रेसकोर्स क्षेत्र में 15 लाख रुपये के आभूषण लूटने वाले बदमाश दिल्ली से इंदौर ट्रेन से आए थे। दोनो दिल्ली के बिंदापुर क्षेत्र में रहते है। पुलिस दोनो बदमाशों को पकड़ने दिल्ली में भी डेरा डाले रही, लेकिन वहां से भी खाली हाथ लौटना पड़ा। लूटकांड की जांच कर रहे दलों को पता चला था कि आरोपी लूट को अंजाम देने के बाद ट्रेन से दिल्ली गए थे।
वे बिंदापुर क्षेत्र के बदमाश है और दोनों पर एक दर्जन केस है। इंदौर से गए पुलिस के दल ने स्थानीय बिंदापुर पुलिस से मदद मांगी तो पता चला कि स्थानीय पुलिस को भी दोनो आरोपी रोहित कपूर और सागर उर्फ रिंकू पिता गेंदालाल की एक लूट के मामले में तलाश है।
पुलिस को पता चला है कि दोनो बदमाश दूसरे राज्यों में वारदात के लिए बस और ट्रेन से जाते है। इस बार उन्होंने इंदौर को चुना था। 14 दिन पहले दोनो दिल्ली से पहले उज्जैन आए थे और फिर बस से इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने रेसकोर्स क्षेत्र में कमलेश अग्रवाल उनके बेटे व पड़ोसी के साथ लूट की थी। तीनों से पंद्रह लाख रुपये के आभूषण लूटे थे। पुलिस को दोनो बदमाशों के स्पष्ट फुटेज मिल गए थे। इस आधार पर अन्य राज्यों के अपराधियों के रिकार्ड भी खंगाल रही थी।
इंदौर पुलिस ने यह पता लगा लिया था कि आरोपी दिल्ली के है। इसके बाद सप्ताहभर से इंदौर का एक पुलिस दल दिल्ली में बदमाशों को पकड़ने गया था, लेकिन वारदात के बाद दोनो अपने घर नहीं पहुंचे। अब पुलिस का एक दल फिर दिल्ली जाएगा।